Monday, 12 January 2009
आज से ठप हो जायेगा सरकारी कामकाज
12 jan 09-
हल्द्वानी: छठे वेतन आयोग की सिफारिशों को लेकर कर्मचारी सरकार से अब आरपार की लड़ाई के मूड में हैं। वह सोमवार से फिर कार्य बहिष्कार पर जा रहे हैं। यह लोग कार्यालयों में हस्ताक्षर तो करेंगे, लेकिन काम नहीं करेंगे। फिर भी बात नहीं बनी तो 15 जनवरी से राज्यव्यापी हड़ताल शुरू हो जायेगी। सभी सरकारी विभागों के कर्मचारी रविवार को लोनिवि विभाग के अतिथिगृह में जुटे। संयुक्त कर्मचारी शिक्षक समन्वयन समिति, मिनिस्ट्रीयल कर्मचारी फैडरेशन व डिप्लोमा कर्मचारी यूनियन समेत आधा दर्जन से अधिक कर्मचारी संगठनों को मिलाकर एक संयुक्त मोर्चा गठित किया गया। इसके वैनर तले राज्य सरकार से कर्मचारी पांच सूत्रीय बिंदुओं को लेकर दो-दो हाथ करेंगे। बैठक को संबोधित करते हुए कर्मचारी नेता संजय सिंह पैथानी व केडी परगाई ने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों के धैर्य की परीक्षा न ले। अगर छठे वेतन आयोग की सिफारिशों में उनको केंद्र के समान वेतन नहीं दिया गया तो आंदोलन शांत होने वाला नहीं है। कर्मचारी नेता श्याम सिंह व नंदन सिंह पिलख्वाल ने कार्यालयों में रोजाना हस्ताक्षर करने के बाद 12,13,14 जनवरी को पूर्ण कार्य बहिष्कार पर रहने की घोषणा की, साथ ही चेतावनी दी कि सरकार फिर भी नहीं मानी तो 15 जनवरी से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू हो जायेगी। वीर सिंह बिष्ट व यतीश पंत ने प्रदेश सरकार पर अप्रत्यक्ष रूप से कर्मचारियों का उत्पीड़न करने का आरोप लगाया। साथ ही सरकार को आगाह किया कि छटे वेतन आयोग में अशासकीय शिक्षक, निगम, पालिका व पंचायत कर्मियों को भी शामिल किया जाना चाहिए। अगर ऐसा नहीं होता तब भी कर्मचारी मानने वाले नहीं है। बैठक में डीडी पांडे, दिनेश बिष्ट, देवेंद्र सिंह कांडपाल, पीसी पांडे, दिवान सिंह कैड़ा आदि कर्मचारी नेताओं ने भी विचार रखा। कालाढुंगी के राज्यकीय इन्टर कालेज में हुई बैठक में संघ के जिला मंत्री सुरेन्द्र सिंह भण्डारी व कोषाध्यक्ष भवान सिंह मेहरा व जगत, नारायण दारा सिंह, भैरव बुढलाकोटी, हरीश वण, घनश्याम पलडि़या, जीवनलाल , हेम तिवारी आदि ने अपने विचार व्यक्त किए।
Subscribe to:
Post Comments (Atom)
No comments:
Post a Comment