Sunday, 18 January 2009

नैनीताल के मुकाबले मसूरी पहुंचे तीन गुना पर्यटक

17 jan - नैनीताल वर्ष 2008 में सरोवर नगरी नैनीताल की तुलना में पहाड़ों की रानी मसूरी की सैर करने वाले सैलानियों की संख्या तीन गुना अधिक रही। हालांकि नैनीताल आने वाले पर्यटकों की संख्या 35 हजार से अधिक थी, जबकि मसूरी में 7 हजार पर्यटकों की वृद्धि हुई। नैनीताल में विदेशी पर्यटकों की संख्या में गिरावट दर्ज की गई है। पर्यटन विभाग से प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक मसूरी में 2097378 पर्यटक पहुंचे। सबसे अधिक सैलानी जून में पहुंचे। इस माह 3.59 लाख पर्यटक आए। दिसंबर के महीने पर्यटकों की आमद वर्ष में सबसे कम रही। इस महीने मात्र 60 हजार पर्यटक ही आ पाए। विदेशी सैलानियों के मामले में नैनीताल पहली पसंद के रूप में उभर रहा है। गत वर्ष 7070 विदेशी सैलानियों ने नैनीताल की सैर की, जो वर्ष 2007 की तुलना में लगभग ढाई हजार कम रही। नैनीताल की तुलना में मसूरी पहुंचने वाले विदेशी सैलानियों की संख्या 5545 थी। स्वदेशी पर्यटकों के मामले में मसूरी की तुलना में नैनीताल आये पर्यटकों की संख्या काफी कम है, लेकिन 35 हजार पर्यटकों की वृद्धि दर्ज कर 6.15 लाख पर्यटक नैनीताल की सैर पर आए। यहां जून महीने में पर्यटकों की आमद सर्वाधिक रही। इस महीने 1.45 लाख पर्यटक आए, जबकि फरवरी के महीने सबसे कम 22 हजार पर्यटक आ पाए। राज्य गठन के बाद नैनीताल आने वाले पर्यटकों की आमद में दोगुनी वृद्धि हुई है। मसूरी में यह आंकड़ा बहुत कम है। उप निदेशक पर्यटन जीसी बेरी के मुताबिक पर्यटकों की आमद बढ़ाने के लिए विभाग कई योजनाएं बना रहा है। जिसमें एडवेंचर टूरिज्म को खास तवज्जो दी जा रही है।

No comments:

Post a Comment