Monday, 9 February 2009
खोज: राज्य में तीस से अधिक गुफाएं
9 feb-
नैनीताल: राज्य की ऐतिहासिक धरोहर, गुफाओं व झीलों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने की पहल शुरू हो गई है। इस सिलसिले में यूजीसी के भूगर्भ वैज्ञानिक प्रो.बीएस कोटलिया की पहल पर रविवार को एकेडेमिक स्टाफ कालेज में एक बैठक हुई। बैठक में सोसाइटी फार इनवायरमेंटल कंजरवेशन संस्था का गठन करने का निर्णय लिया गया। आयोजक प्रो.कोटलिया के अनुसार राज्य में 30 से अधिक गुफाओं की खोज की जा चुकी है। अधिकांश गुफाएं ऐतिहासिक महत्व की हैं और धार्मिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण हैं, लेकिन आम लोगों को इनके बारे में बहुत कम जानकारी है। झीलें पर्यटन को बढ़ावा देने का सशक्त माध्यम हैं, लेकिन बहुत कम झीलें पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बन सकी हैं। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन के कारण मौसम के बारे में सभी की उत्सुकता बढ़ी है। संस्था में विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत लोगों को शामिल किया जाएगा। इस मौके पर कुलपति प्रो.सीपी बर्थवाल, पालिकाध्यक्ष मुकेश जोशी, श्रीराम सेवक सभा उपाध्यक्ष कमलेश ढौंढियाल, डा.डीसी अवस्थी, प्रो.बीना पाण्डे, किशोर गुप्ता, लक्ष्मण सिंह अधिकारी व दिनेश पालीवाल मौजूद थे।