Thursday 25 June 2009

निशंक होंगे उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री

-विधायक दल की बैठक में मतदान से चुने गए नेता -निशंक को 23, पंत को मिला 13 विधायकों का समर्थन -खंडूड़ी, कोश्यारी के नाम मतदान से अलग रखा गए पोखरियाल निशंक उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री होंगे। भाजपा विधायक दल की बैठक में उनका चुनाव बहुमत के आधार पर हुआ। मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी गुरुवार को प्रदेश अध्यक्ष बची सिंह रावत के साथ राज्यपाल को नए नेता के नाम के साथ अपना इस्तीफा सौंपेंगे। सूत्रों के अनुसार बैठक में अधिकांश विधायकों ने खंडूड़ी व भगत सिंह कोश्यारी का नाम लिया, लेकिन केंद्रीय पर्यवेक्षक वेंकैया नायडू ने साफ किया कि कोश्यारी व खंडूड़ी को छोड़कर बाकी लोगों में से ही नया नेता चुनना है। इसके बाद निशंक व प्रकाश पंत के बीच मतदान हुआ। उत्तराखंड में भाजपा को नया नेता चुनने के लिए चार घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। भाजपा मुख्यालय में दोपहर 11 बजे शुरू हुई बैठक साढ़े तीन बजे जाकर समाप्त हुई। बैठक के बाद नायडू ने सर्वसम्मति वे निशंक के नए नेता चुने जाने का ऐलान किया, लेकिन ऐसा हुआ नहीं। शुरुआत में वेंकैया नायडू ने विधायकों को अनुशासन की घुट्टी पिलाई और उसके बाद नया नेता चुनने को कहा। पहले तो अधिकांश विधायकों ने खंडूड़ी को ही मुख्यमंत्री बनाए रखने की बात कही, तो कुछ ने बदलाव कर कोश्यारी को बनाए जाने की बात रखी। इस पर नायडू ने साफ किया कि खंडूड़ी व कोश्यारी को छोड़कर बाकी नामों पर बात करनी है। इसके बाद प्रकाश पंत ने अपनी दावेदारी की तो खंडूड़ी ने निशंक का नाम आगे बढ़ाया। कुछ विधायकों ने यह भी कहा कि केंद्र ही निर्णय कर सकता था, उनको क्यों बुलाया। इसके बाद दोनों पर्यवेक्षकों ने सभी विधायकों से अलग-अलग बात की। आखिर में मतदान का सहारा लेना पड़ा। बैठक में मौजूद सभी 36 विधायकों (दो मनोनीत विधायकों सहित) ने पर्चियों से मतदान कर अपनी-अपनी पसंद बताई। सूत्रों के अनुसार निशंक के पक्ष में 23 व पंत के पक्ष में 13 विधायक रहे। इसके बाद एक बार सभी विधायक साथ बैठे जिसमें मुख्यमंत्री खंडूड़ी ने निशंक के नाम का प्रस्ताव रखा व प्रकाश पंत, त्रिवेंद्र रावत आदि ने उसका समर्थन किया। नेता चुने जाने के बाद भाजपा संसदीय दल के नेता लालकृष्ण आडवाणी व अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने निशंक को बधाई दी। कोश्यारी इस बैठक में तो आए ही नहीं थे, जब निशंक को नेता बनाए जाने की घोषणा की गई वे तब भी नहीं थे। उनके नाम का समर्थन करने वाले पंत व रावत वहां से चले गए। ऐसे में खंडूड़ी खेमे की मौजूदगी में निशंक के नाम की घोषणा की गई। कोश्यारी समर्थक मतदान में हार के बाद उत्तराखंड निवास गए और वहां पर कोश्यारी के साथ सारी स्थिति पर विचार विमर्श किया। इधर बैठक में निशंक व खंडूड़ी साथ-साथ एक ही गाड़ी में आए थे और गए भी साथ। नेता चुने जाने के बाद निशंक ने खंडूड़ी की शान में जमकर कसीदे काढ़ते हुए कहा कि वे खंडूड़ी के विकास के काम को ही आगे बढ़ाएंगे। बैठक के बाद अधिकांश विधायक उत्तराखंड के लिए रवाना हो गए, लेकिन खंडूड़ी व पंत गुरुवार सुबह देहरादून जाएंगे।

No comments:

Post a Comment