Saturday 16 July 2011

अब 2200 पदों पर भर्ती की सौगात

देहरादून- हाल ही में पुलिस महकमे में लगभग डेढ़ हजार पदों पर भर्ती के बाद सरकार राज्य के युवा बेरोजगारों को फिर जल्द ही पुलिस कांस्टेबल के दो हजार से ज्यादा पदों पर नियुक्ति का तोहफा देने जा रही है।
पुलिस मुख्यालय ने शासन को इस संबंध में प्रस्ताव भेजकर भर्ती की अनुमति मांगी है। संभावना है कि जल्द ही इसकी प्रक्रिया आरंभ हो जाएगी। शासन के सूत्रों के मुताबिक दो दिन पूर्व ही पुलिस
मुख्यालय ने शासन को पुलिस भर्ती के संबंध में एक प्रस्ताव भेजा है। इसमें कांस्टेबल के कुल 2191 पदों पर भर्ती की शासन से अनुमति मांगी गई है। इनमें सिविल पुलिस के 1997, पीएसी के 144 और फायर सर्विस के 50 पद शामिल हैं। सूत्रों के मुताबिक यह भर्ती उन रिक्त पदों के सापेक्ष की जा रही है, जो उत्तराखंड को उत्तर प्रदेश से मिले हैं। इस क्रम में हाल ही कांस्टेबल के 1450 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया पूर्ण हुई है और अब जो 2191 पदों पर भर्ती का प्रस्ताव है, इसमें भी अधिकांश पद उत्तर प्रदेश वाले ही हैं। माना जा रहा है कि नई भर्ती के बाद सूबे में पुलिस-पब्लिक का मानक प्रतिशत काफी हद तक सुधर जाएगा। मालूम हो कि, गत वर्ष मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने पुलिस महकमे में कांस्टेबल के 1450 पदों को हरी झंडी दिखाई थी। इसमें 1350 पद सिविल व सशस्त्र पुलिस, जबकि सौ पद फायर कर्मियों के थे। दिसंबर में इन पदों पर भर्ती प्रक्रिया आरंभ हुई और फरवरी में शारीरिक मापदंड व लिखित परीक्षा के बाद मार्च में परिणाम घोषित हो गए। इन सभी अभ्यर्थियों का नरेंद्रनगर पीटीसी में प्रशिक्षण चल रहा है। ऐसे में 2200 नए पद सृजित करने का महकमे का प्रस्ताव सूबे के बेरोजगार युवाओं के लिए सौगात माना जा रहा है।

No comments:

Post a Comment