Tuesday 18 August 2009

राष्ट्रपति पुलिस पदक के लिए सीओ जुयाल चयनित

नैनीताल: सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस क्षेत्राधिकारी डीपी जुयाल को राष्ट्रपति पुलिस पदक के लिए चयनित किया गया है। श्री जुयाल वर्तमान में भवाली क्षेत्र के पुलिस क्षेत्राधिकारी के तौर पर तैनात हैं। श्री जुयाल को 1994 में कठघर, मुरादाबाद में प्रभारी निरीक्षक के पद पर तैनाती के दौरान उल्लेखनीय सेवाओं के लिए राष्ट्रपति द्वारा पुलिस पदक से सम्मानित किया जा चुका है। श्री जुयाल 1970-71 में पुलिस उपनिरीक्षक पद के लिए चयनित हुए थे। मुरादाबाद में ट्रेनिंग के पश्चात करीब चार वर्ष की सेवा अवधि के बाद इन्हें टनकपुर का थानाध्यक्ष बनाया गया। वह नैनीताल, खटीमा, मुनस्यारी, डीडीहाट के अलावा बदायूं के थाना रजपुरा, मूसाझााग, वजीरगंज, रामपुर व मुरादाबाद आदि स्थानों पर तैनात रहे। वर्ष 1994 में उन्हें भ्रष्टाचार निवारण संगठन में निरीक्षक बनाया गया। वर्ष 2004 में पुलिस उपाधीक्षक के पद पर पदोन्नति के बाद उन्हें पुलिस मुख्यालय में तैनाती मिली। वर्तमान में वह सीओ भवाली के पद पर तैनात हैं। उन्हें पीटीसी में आईटी का प्रथम पुरस्कार मिल चुका है। वर्ष 1972-73 व 74 में उत्तर प्रदेश पुलिस की एथलेटिक्स टीम का उन्होंने प्रतिनिधित्व किया और सिल्वर मेडल प्राप्त किया। बदायंूं में तैनाती के दौरान दुर्दांत दस्यु छविराम व पोथी गैंग के खात्मे में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। पुलिस विभाग में 39 वर्ष की सेवा के दौरान कई बार श्री जुयाल को कर्तव्य निष्ठा एवं साहसपूर्ण कार्य के लिए उच्चाधिकारियों द्वारा नगद पुरस्कार दिए गए। आईजी अशोक कुमार व एसएसपी एमएस बंग्याल ने उत्तराखण्ड पुलिस का गौरव बढ़ाने के लिए श्री जुयाल को बधाई दी है।

No comments:

Post a Comment