Monday 27 April 2009

सड़क: एडीबी से मिले दो सौ मिलियन डालर

-दूसरे चरण में बनने वाली सड़कों को हरी झांडी -मौसम के कारण समय से काम पूरा करने की मुश्किल देहरादून, एशियाई विकास बैैंक(एडीबी) की सहायता से राज्य में दूसरे चरण में करीब एक हजार किलोमीटर सड़कों का सुधार तथा निर्माण किया जाएगा। प्रथम चरण में करीब छह सौ किलोमीटर सड़क निर्माण का कार्य किया गया। मौसम के अनुकूल नहीं होने के कारण निर्माण एजेंसियों के समक्ष निर्धारित समय सीमा में काम पूरा करने की चुनौती बनी हुई है। राज्य में सड़क निर्माण के कार्य को गति देने के लिए एडीबी ने राज्य को दो चरणों में सहायता प्रदान की है। प्रथम चरण में एडीबी ने 74 मिलियन डालर की सहायता दी। इससे राज्य में करीब छह सौ किलोमीटर की सड़कों का निर्माण किया गया। यह कार्य फरवरी में पूरा होने के साथ ही एडीबी ने दूसरे चरण की सहायता को हरी झांडी दे दी है। इस चरण के लिए राज्य को 200 मिलियन डालर की सहायता मिली है। इससे 967 किलोमीटर की सड़कों का सुधार व निर्माण कार्य प्रस्तावित है। हालांकि द्वितीय चरण से हासिल होने वाली धनराशि पिछले वर्ष दिसंबर में मिलनी थी, लेकिन पहले चरण का कार्य पूरा नहीं होने के कारण इसमें विलंब हुआ। दरअसल मौसम के साथ सड़क निर्माण व सुधार के काम में तालमेल बनाना लोक निर्माण विभाग के लिए खासा मुश्किल हो रहा है। कच्चे मार्गों को पक्का करने तथा सड़कों की राइडिंग क्वालिटी सुधारने के लिए एडीबी ने राज्य के लिए 550 मिलियन डालर की वित्तीय सहायता मंजूर की है। इस काम में सबसे बड़ी बाधा अनुकूल मौसम की है, जिसके कारण एडीबी की सहायता से होने वाले कार्य समय से पूरे नहीं हो पा रहे हैैं। यूं तो निर्माण खंडों की संख्या बढ़ाकर भी 13 कर दी गई है। इसके बावजूद पर्वतीय क्षेत्रों में अधिकांश समय ऐसा रहता है, जब सड़क निर्माण का कार्य करना मुश्किल रहता है। पिछले वर्ष कई महीने तो वर्षा के कारण सड़क निर्माण का कार्य आगे नहीं बढ़ पाया। निर्माण एजेंसियों की कार्यशैली पर मुख्यमंत्री को भी नाराजगी व्यक्त करनी पड़ी। गत सितंबर के बाद सड़क निर्माण के कार्य में तेजी आई है और पिछले चार महीने में अधिकांश कार्य निपटाया गया है। वित्तीय वर्ष 2008-09 में यह स्थिति रही कि बजट प्रावधान 936.51 करोड़ के सापेक्ष अगस्त तक केवल 24 प्रतिशत का ही उपयोग किया जा सका था। शेष धनराशि का उपयोग छह महीने में किया गया।

No comments:

Post a Comment