Monday 27 April 2009

-आज खुलेंगे गंगोत्री यमुनोत्री के कपाट

उत्तरकाशी : अक्षय तृतीया पर सोमवार को दोपहर 12 बजकर 25 मिनट पर यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले्र दिए जाएंगे। रविवार को मुखीमठ और खरसाली गांव में देवियों की मूर्तियों का अभिषेक, श्रृंगार, अन्न व रसों से सुसज्जित कर किया गया। साथ ही उन्हें सोने व चांदी के आभूषणों से अलंकृत किया गया। गंगा व यमुना की पूजा अर्चना के बाद उन्हें डोलियों में सजा दिया गया है। ढोल, रणसिंघा के साथ दोनों देवियां अपने पौराणिक मंदिरों में सोमवार को ही पहुंचेंगी। गंगोत्री व यमुनोत्री मंदिर समिति के पदाधिकारियों के साथ ही जिला प्रशासन भी यात्रा सुरक्षा व्यवस्थाओं में व्यस्त है। जिलाधिकारी डा. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने बताया कि 28 अप्रैल को राज्यपाल बीएल जोशी गंगोत्री मंदिर पहुंचकर पूजा अर्चना करेंगे। गंगोत्री व यमुनोत्री की शोभा यात्रा में बड़ी संख्या में यात्री भी उत्तरकाशी पहुंचे हैं, इस साल कपाट खुलने पर गत वर्षों की अपेक्षा अधिक भीड़ उमडऩे की संभावना है।

No comments:

Post a Comment