Thursday 16 April 2009

सियासी रंग में रंगा पहाड़

गढ़वाल। चुनाव के मद्देनजर पहाड़ पर सियासी रंग चढ़ने लगा है। गढ़वाल और टिहरी संसदीय सीट पर प्रत्याशियों व उनके पक्ष में विभिन्न पार्टी नेताओं का क्षेत्रभ्रमण जारी है। हर ओर धुआंधार जनसंपर्क और जनसभाओं का जोर है। धीरे-धीरे कार्यकर्ता भी जोश में दिखाई देने लगे हैं। अधिक से अधिक वोट जुटाने को हर कोई कमर कसे हुए है। बड़कोट: राजगढ़ी में कांग्रेस से टिहरी प्रत्याशी विजय बहुगुणा ने जनसभा में केंद्र सरकार की उपलब्धियों और अपने दो वर्ष के कार्यकाल में हुए विकास कार्यो को गिनाया। इस मौके पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष यशपाल आर्य, विधायक प्रीतम सिंह, केदार सिंह रावत और राजेश जुवांठा मौजूद रहे। कोटद्वार। दुर्गापुरी में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में क्षेत्रीय विधायक शैलेंद्र सिंह रावत ने पार्टी प्रत्याशी टीपीएस रावत को विजय दिलाने में बूथ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने की जरूरत पर जोर दिया। दूसरी ओर, जिला कांग्रेस प्रवक्ता प्रवेश रावत ने बताया कि बीरोंखाल विधायक अमृता रावत 17 अप्रैल से विभिन्न प्रखंडों में जनसंपर्क करेंगी। थराली। बसपा के गढ़वाल सीट से प्रत्याशी राजीव अग्रवाल ने मुख्य बाजार में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा व कांग्रेस ने हर बार उत्तराखंड की जनता के साथ छलावा किया है। उन्होंने कहा कि इस बार मायावती के नेतृत्व में केंद्र में बसपा की सरकार बनेगी। नैनबाग। कांग्रेस के टिहरी प्रत्याशी विजय बहुगुणा ने थत्यूड़ में जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। इस दौरान पूर्व विधायक कौलदास, विजय सिंह चौहान आदि मौजूद रहे। गोपेश्वर। उक्रांद के केंद्रीय प्रवक्ता सतीश सेमवाल ने कहा कि यदि उक्रांद के प्रत्याशी लोकसभा पहुंचे, तो दल परिसीमन को रद्द करने के लिए पैरवी करेगा। कालागढ़। भारतीय जनता युवा मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य अनिल बलूनी ने पार्टी प्रत्याशी टीपीएस रावत के पक्ष में जनसंपर्क किया। चंबा। उक्रांद के केंद्रीय प्रवक्ता वीरेन्द्र मोहन उनियाल ने कहा कि भाजपा व कांग्रेस जनहितों की अनदेखी कर रहे हैं। सतपुली। भाजपा प्रदेश महामंत्री तीरथ सिंह रावत व सह-संगठन मंत्री धन सिंह रावत 15 अप्रैल से दो-दिवसीय प्रवास में कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे। इसके अलावा 19 अप्रैल को कार्यकर्ता सम्मेलन में पार्टी प्रत्याशी टीपीएस रावत व कृषि मंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत शिरकत करेगे। भाजपा जिलाध्यक्ष पुष्कर जोशी ने यह जानकारी दी।

No comments:

Post a Comment