Friday 7 November 2008

लंदन में दिखेगी उत्तराखंड की खूबसूरती

इस बार लंदन के व‌र्ल्ड ट्रेड मार्ट में उत्तराखंड की खूबसूरती की देखी जा सकेगी। मार्ट में एक पंडाल प्रदेश का भी लगाया जा रहा है। पर्यटन मंत्री प्रकाश पंत कहते हैं कि यह सब सूबे को इंडिया टूरिज्म का ध्वजवाहक बनाने को किया जा रहा है। लंदन में 10 से 13 नवंबर तक व‌र्ल्ड ट्रेड मार्ट का आयोजन किया जा रहा है। इसमें उत्तराखंड भी हिस्सेदारी करने वाला है। पर्यटन मंत्री प्रकाश पंत के नेतृत्व में एक टीम वहां जा रही है। श्री पंत ने बताया कि मार्ट में दुनियाभर से लोग आते हैं। इस मार्ट में उत्तराखंड का भी एक पंडाल लगाया जा रहा है। इसमें औली समेत सूबे के अन्य स्कीइंग डेस्टीनेशन, एडवेंचर टूरिज्म जैसे रिवर राफ्टिंग, पैरा ग्लाइडिंग, कयाकिंग और कैनोइंग के साथ ही माउंटेन बाइकिंग स्थलों के बारे में विस्तृत जानकारी दी जानी है। श्री पंत ने बताया कि असली मकसद विदेशी सैलानियों को उत्तराखंड की तरफ आकर्षित करना है। मार्ट में औली में होने वाले विटंर सैफ गेम्स को भी केंद्र में रखा जाना है। कोशिश हो रही है कि दुनिया भर को बताया जा सके कि उत्तराखंड में नैसर्गिक सौंदर्य की भरमार है। कुदरत ने इस राज्य को दोनों हाथों से खूबसूरती से सजाया है। काबीना मंत्री ने बताया कि स्कीइंग के लिए औली तो पहले से जाना पहचाना नाम है। अब पिथौरागढ़ में मुनस्यारी के समीप खोलिया टाप और उत्तरकाशी में दियारा बुग्याल को भी स्कीइंग जोन के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके अलावा देहरादून में कृत्रिम बर्फ से आइस रिंक हाल का निर्माण अंतिम चरण में है। इसमें इंडोर स्कीइंग की सुविधा किसी भी मौसम में उपलब्ध हो सकेगी।

No comments:

Post a Comment